*सीएसए में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत हुए जागरूकता व्याख्यान का आयोजन*
चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के यूटिलिटी भवन में “नशा मुक्ति केंद्र” विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री रमेश कुमार, क्षेत्रीय मद्य निषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, लखनऊ मंडल रहे। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री विमल कुमार साहू, सहायक क्षेत्रीय मद्य निषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, लखनऊ मंडल ने नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका, परामर्श सेवाओं तथा नशा छोड़ने के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। व्याख्यान के उपरांत विद्यार्थियों के साथ एक प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशे से भरे संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं तथा विशेषज्ञों ने उनके प्रश्नों के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक उत्तर दिए। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. एकता शर्मा, प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस द्वारा डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं डॉ. संघमित्रा महापात्र, सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, व्याख्यान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत” के निर्माण हेतु स्वयं नशा न करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।”नशा छोड़ें – जीवन जोड़ें, जागरूक बनें – जागरूक करें।”
*सीएसए में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत हुए जागरूकता व्याख्यान का आयोजन*
Leave a comment
Leave a comment




