*उन्नाव पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, जंतर-मंतर आंदोलन को दिया समर्थन।*

बांगरमऊ, उन्नाव। पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी बांगरमऊ के माध्यम से राष्ट्रपति एवं भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बांगरमऊ की पूर्व प्रत्याशी आरती बाजपेयी ने किया।
ज्ञापन में परीक्षा एवं प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने तथा विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। कांग्रेस ने शिक्षा की बढ़ती लागत पर भी चिंता जताते हुए आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर हुए कथित अन्याय के जिम्मेदार लोगों पर निष्पक्ष कार्रवाई तथा नीट परीक्षा से जुड़े विवादों के कारण आत्महत्या करने वाले विद्यार्थियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी शामिल रही।
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में आयोजित राष्ट्रव्यापी आंदोलन में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता विदुषी बाजपेयी ने कांग्रेस की ओर से नेतृत्व किया। उन्होंने छात्रों के अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस ने इस छात्र आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात दोहराई।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




