*गंगाघाट 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 15 सेमी बढ़ा, शुक्लागंज के घाटों तक पहुंचा पानी, कटान तेज*
उन्नाव। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 15 सेंटीमीटर बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण शुक्लागंज के घाटों तक पानी पहुंच गया है, जबकि तटवर्ती इलाकों में कटान भी तेज हो गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, सोमवार शाम गंगा का जलस्तर 110.180 मीटर था, जो बुधवार सुबह बढ़कर 110.510 मीटर दर्ज किया गया। बुधवार सुबह से जलस्तर में कुछ स्थिरता जरूर देखी गई, लेकिन आयोग ने आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई है।
जलस्तर बढ़ने से शुक्लागंज के घाटों और निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। नदी किनारे रहने वाले परिवारों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। वहीं, नवीन गंगा पुल से रेलवे पुल के बीच कई स्थानों पर तेज कटान होने से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और सिंचाई विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने तटवर्ती क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी रही तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है।
*रमन शर्मा गंगाघाट संवाददाता*




