*18 घंटे का इंतज़ार… फिर उजड़ गई गोद*
*कोर्ट के आदेश पर चार डॉक्टरों समेत पांच के खिलाफ FIR, नवजात की मौत मामले में जांच शुरू*
*डिस्ट्रीक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। अनवरगंज स्थित मून स्टार अस्पताल में नवजात की मौत के मामले ने गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है। न्यायालय के आदेश पर अनवरगंज थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 0072/2026 दर्ज कर चार डॉक्टरों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
बेकनगंज निवासी मोहम्मद इस्लाम की शिकायत के अनुसार उनकी पत्नी रुबीना, जो 38 सप्ताह की गर्भवती थीं, को 5 मई को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव का आश्वासन देकर करीब 18 घंटे तक इंतजार कराया और इलाज के नाम पर 45 हजार रुपये जमा कराए। इस दौरान परिजनों को मरीज से मिलने तक नहीं दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि देर रात ऑपरेशन के बाद परिवार को मृत नवजात सौंपा गया, जिसके गले पर फंदे जैसा निशान था। विरोध करने पर अस्पताल स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर अनवरगंज पुलिस ने डॉ. पूनम, डॉ. रुचि राठौर, डॉ. यासिर, डॉ. ए. अनीस तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




