अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
कानपुर नगर, कानपुर कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक कारोबारी को उसकी पत्नी के नाम पर 5 करोड़ रुपये का डोनेशन दिलाने का झांसा देकर करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया कि 8 से 14 मार्च 2026 के बीच बंधन बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के खातों के जरिए करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। इस दौरान पीड़ित का सिम कार्ड भी बदल दिया गया था।पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले लोगों को लोन, व्यापारिक सहायता और डोनेशन का लालच देता था। इसके बाद बैंक खातों, सिम कार्ड और जरूरी दस्तावेजों पर कब्जा कर APK फाइल और अन्य तकनीकी माध्यमों से खातों का एक्सेस अपने नेटवर्क को उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार आरोपियों में मंगल सिंह, विजेंद्र यादव, अबी वकास और राहुल शर्मा शामिल हैं। इनके पास से 6 मोबाइल फोन, चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड, फर्जी फर्म के दस्तावेज, मोहर और एक वैगनआर कार बरामद की गई है। मोबाइल की जांच में कई बैंक खातों, आधार-पैन कार्ड, लॉगिन आईडी, पासवर्ड, APK लिंक और व्हाट्सएप चैट भी मिली हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हरिओम की रिपोर्ट




