*उन्नाव में सांड के हमले से किसान की मौत, खेत में काम करते समय हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम*
ख़बर उन्नाव से है जहां उन्नाव के बीघापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सारू खेड़ा के ददई खेड़ा गांव में आवारा सांड के हमले में घायल एक किसान की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। ददई खेड़ा निवासी 55 वर्षीय अंजनी कुमार पुत्र गंगा विशुन सोमवार को अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद उनके पुत्र अनमोल पटेल ने शोर मचाकर ग्रामीणों की मदद से सांड को भगाया और अपने पिता को बचाया। परिजन और ग्रामीण तुरंत अंजनी कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक अंजनी कुमार अपने पीछे पत्नी हेमलता, बड़ी बेटी दीपाली पटेल, छोटी बेटी अनुष्का पटेल और पुत्र अनमोल पटेल को छोड़ गए हैं। दीपाली बीटीसी की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि अनुष्का स्नातक के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हैं। पुत्र अनमोल ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की है और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा गोवंश लंबे समय से किसानों के लिए एक बड़ी समस्या बने हुए हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों पर ऐसे हमले की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।
*बाइट – अभिषेक मृतक का पड़ोसी*
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




