*उन्नाव में डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, घर पर बारात आने से पहले छाया मातम।*
उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में मौसी का एक पैर कटकर अलग हो गया। दोनों शादी के लिए कपड़े खरीदने जा रही थीं। घटना के कुछ ही घंटे बाद घर में बारात आने वाली थी, लेकिन हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
भदनांग गांव निवासी रामबाबू की बेटी सुमन (16) अपनी मौसी दुर्गा (35) पत्नी संजय निवासी अमरापुर के साथ बाइक से खरीदारी करने निकली थी। परिवार के अनुसार, अमरापुर गांव में सुमन की छोटी मौसी सरस्वती की शादी थी और घर में बारात आने की तैयारियां चल रही थीं। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे खिन्नी मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं। सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के मौसा बबलू ने बताया कि घर में शादी का माहौल था और कुछ ही समय बाद बारात आने वाली थी। सुमन अपनी मौसी के साथ शादी की खरीदारी के लिए गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सुमन चार भाई-बहनों में थी। उसकी मौत से मां गुड्डी, पिता रामबाबू, बहन अंशिका और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक तरफ घर में शादी की रस्में चल रही थीं, दूसरी ओर किशोरी की मौत की खबर से पूरा परिवार गम में डूब गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। डंपर और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




