*उन्नाव में दो और अपराधी जिला बदर, अब तक 20 पर कार्रवाई; चार के शस्त्र लाइसेंस निरस्त*
उन्नाव। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम मीना ने दो अपराधियों को जिला बदर कर दिया है। उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत की गई इस कार्रवाई के तहत दोनों को निर्धारित अवधि तक उन्नाव और उससे सटे जनपदों की सीमाओं से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला बदर किए गए अपराधियों में संजय पासी उर्फ बउवा (40) पुत्र श्यामलाल निवासी बैगांव, थाना पुरवा और नरेश निषाद उर्फ कल्लू (38) पुत्र कालीचरन उर्फ काला कालीदीन निवासी आजाद नगर, थाना गंगाघाट शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनके भय और आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद में 20 अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है, जबकि चार अपराधियों के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
*पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो*




