*उन्नाव की विवाहिता की मुंबई में मौत, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, 4 माह की गर्भवती थी*
उन्नाव। 20 वर्षीय विवाहिता शिवानी की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवानी आसीवन थाना क्षेत्र के खरगौरा की निवासी थी। उसकी शादी 16 नवंबर 2025 को सफीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी संजय के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ मुंबई के कमला नेहरू नगर इलाके में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगभग एक माह पहले ही पति के साथ मुंबई गई थी। रविवार को मुंबई पुलिस ने परिजनों को शिवानी की मौत की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मुंबई पहुंचे, जहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को उन्नाव लाया गया। मंगलवार को उन्नाव में शिवानी का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। बता दे कि मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि शिवानी से दो लाख रुपये नकद और एक अपाचे बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों ने यह भी बताया कि शिवानी करीब चार माह की गर्भवती थी। परिवार का आरोप है कि शिवानी की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसे प्रताड़ित कर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष आसीवन प्रदीप ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




