*उन्नाव में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ी, मस्जिद- ईदगाहों में जुटे अकीदमतंद, ड्रोन और दूरबीन से होती रही निगरानी।*
ख़बर उन्नाव से है जहां गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने अल्लाह की राह में कुर्बानी देकर अपनी आस्था व्यक्त की। जिले भर में शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक पर्व को लेकर उत्साह देखा गया। इस दौरान नमाज अदा करने, कुर्बानी देने और गले मिलकर मुबारकबाद देने का सिलसिला चला। नमाज दो पालियों में अदा की गई।
बता दे कि सुबह पहली नमाज 06:45 बजे और दूसरी नमाज 07:30 बजे अदा की गई। जिले की प्रमुख जामा मस्जिद, ईदगाह कॉलोनी, रहमत नगर मस्जिद, अहमद नगर, मदनी नगर, गोताखोर और करीमुल्ला कॉलोनी स्थित ईदगाहों व मस्जिदों में हजारों की संख्या में नमाजी एकत्र हुए। सभी ने विशेष ईद की नमाज अदा कर देश की तरक्की, अमन-चैन, भाईचारे और इंसानियत की सलामती के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने अपने-अपने घरों में खस्सी की कुर्बानी दी। इस्लामी परंपरा के अनुसार, गोश्त को तीन भागों में बांटा गयाः एक हिस्सा परिवार के लिए, दूसरा रिश्तेदारों के लिए और तीसरा गरीबों व जरूरतमंदों के लिए। इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि कुर्बानी का प्रदर्शन न हो, क्योंकि शरीयत में इसकी मनाही है। पर्व से एक दिन पहले बुधवार शाम को बाजारों में भारी भीड़ देखी गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इत्र, टोपी, रूमाल, सेवईं, लच्छा, जूते-चप्पल और त्योहार से संबंधित अन्य वस्तुओं की खरीदारी की। महिलाओं और बच्चों ने विशेष रूप से श्रृंगार सामग्री, कपड़े और अन्य सामान खरीदे। मनोहर नगर, करीमुल्ला कॉलोनी, रहमत नगर और अहमद नगर जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में देर रात तक बाजारों में रौनक बनी रही। पर्व के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने कई मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा किया। उन्होंने नमाजियों से गले मिलकर बकरीद की बधाई दी।
बाइट – धनश्याम मीणा डीएम उन्नाव।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




