*उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत, बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मारी, हादसे में एक गंभीर घायल*
खबर उन्नाव से है जहां बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर गोस्वा पुल और मटुकरी गांव के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बांगरमऊ भेजा गया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दे कि हादसे में बाइक सवार अभिषेक (25) पुत्र राम अवतार (निवासी अकबरपुर, थाना हसनगंज), आकाश (22) पुत्र अयोध्या प्रसाद (निवासी सराय, थाना फतेहपुर-84), भीष्म पुत्र बुधन (निवासी अकबरपुर, थाना हसनगंज), होरीलाल (27) पुत्र अंगनू रावत (निवासी बदबदा खेड़ा, थाना हसनगंज) और अनुज कुमार (29) पुत्र ननकू (निवासी गुलरिया, थाना बेहटा मुजावर) गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी बांगरमऊ में डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ ले गए। वहां उपचार के दौरान आकाश, होरीलाल और अनुज कुमार ने भी दम तोड़ दिया। घायल भीष्म का इलाज अभी जारी है। सभी आपस में रिश्तेदार थे। वे सभी ग्राम बेरी शादीपुर, थाना बेहटा मुजावर से संतोष पुत्र राजकुमार की बारात में शामिल होने के लिए जनपद हरदोई के ग्राम मेड़उवा गौसगंज जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बोलेरो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बेहटा मुजावर पुलिस ने तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मृतक अभिषेक की मां रामरती की तहरीर के आधार पर थाना बेहटा मुजावर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
बाइट – संतोष कुमार सिंह सीओ बांगरमऊ उन्नाव।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




