*उन्नाव में युवक की करंट लगने से मौत, पानी में उतरे बिजली के तार की चपेट में आया युवक,*
ख़बर उन्नाव से है जहां जिले में शनिवार दोपहर एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना अचलगंज थाना क्षेत्र के गहरा इलाके में हुई, जहां पानी में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय धर्मेंद्र की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हसनगंज थाना क्षेत्र के भगवाकोल निवासी राकेश के पुत्र धर्मेंद्र (26) के रूप में हुई है।
बता दे कि धर्मेंद्र किसी काम से गहरा क्षेत्र में गए थे। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद पानी में अचानक बिजली का करंट उतर आया, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। जैसे ही वह पानी के संपर्क में आए, तेज झटके से गिर पड़े। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल धर्मेंद्र को वहां से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पानी में करंट कैसे उतरा। प्राथमिक तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और उनकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – अमन मृतक का जीजा।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




