*शुक्लागंज में झोपड़पट्टी में भीषण आग, मौके पर पहुंच कर दमकल ने बुझाई आग*
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित धोबीन पुलिया स्टेडियम के पास मंगलवार दोपहर एक झोपड़पट्टी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झोपड़पट्टी में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से एक झोपड़ी से दूसरी झोपड़ी तक फैलती चली गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोग भयभीत होकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
बता दे कि स्थानीय लोगों ने शुरुआत में बाल्टियों और पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान झोपड़पट्टी में रखे घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है, लेकिन कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर भीड़ को हटाया और दमकल कर्मियों को उनके कार्य में सहयोग दिया। आग लगने के प्रारंभिक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




