होमगार्ड भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा: एक युवक, दो नाम, दो आधार कार्ड बरामद
फिरोज खान की रिपोर्ट
बरेली में बायोमेट्रिक ने पकड़ी चालाकी, धर्मेंद्र बनकर दी परीक्षा फिर अनुराग बनकर पहुंचा दोबारा; कोतवाली में FIR दर्ज
*बरेली, होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 में रविवार को बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। एक शातिर अभ्यर्थी दो नाम और दो आधार कार्ड के सहारे दोबारा परीक्षा देने पहुंच गया। लेकिन बायोमेट्रिक जांच ने उसकी सारी चालाकी धरी की धरी रह गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पहले धर्मेंद्र, फिर बना अनुराग: बायोमेट्रिक ने खोली पोल
पकड़ा गया आरोपी 27 वर्षीय अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर, थाना टड़ियावां, हरदोई है। जांच में सामने आया कि उसने शनिवार को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, पीलीभीत रोड रिठौरा में पहली पाली में धर्मेंद्र सिंह के नाम से परीक्षा दी थी।
चालाकी यहीं नहीं रुकी। रविवार को वही युवक अनुराग बनकर साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में सुबह 10 से 12 बजे की पहली पाली में दोबारा परीक्षा देने पहुंच गया। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान सिस्टम ने उसे संदिग्ध दिखाया। गहन जांच में दोनों पहचान मैच हो गईं और पूरा खेल सामने आ गया।
दो आधार, एक पता, सिर्फ नाम अलग
केंद्र प्रभारी की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अनुराग ने कबूला कि उसने दो अलग-अलग नामों से आधार कार्ड बनवा रखे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आधार में पिता का नाम, पता और बाकी जानकारी एक ही थी, सिर्फ नाम बदलकर फर्जी पहचान बनाई गई थी।
आरोपी का मकसद था कि किसी भी एक नाम से परीक्षा पास कर होमगार्ड की नौकरी हथिया ले। पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
होमगार्ड भर्ती में सेंध लगाने की यह कोशिश बायोमेट्रिक सिस्टम के चलते नाकाम हो गई। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा में पारदर्शिता के लिए बायोमेट्रिक जांच कारगर साबित हो रही है। फर्जीवाड़ा करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




