राजेंद्र करनाल की रिपोर्ट
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस पर बरसे मंत्री नरेंद्र कश्यप, कहा—“महिला शक्ति विरोधी रवैये की जनता देगी सजा”
करनाल, 24 अप्रैल ():
उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देश और समाज विरोधी बताया। महिला आरक्षण बिल को लेकर उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने इस बिल का विरोध कर “घोर पाप” किया है, जिसकी सजा देश की जनता आने वाले समय में अवश्य देगी।
राज्य मंत्री ने कहा कि यदि महिला आरक्षण बिल पारित हो जाता, तो देश की महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए इस बिल को लाने की पूरी तैयारी की थी, लेकिन कांग्रेस के विरोध के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी वोटिंग के जरिए देश की आधी आबादी के हितों के खिलाफ काम किया है, जिसे महिला शक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
नरेंद्र कश्यप एडवोकेट जयपाल कश्यप के आवास पर आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक शासन किया, लेकिन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दे पाई, जिसके वे हकदार थे। वहीं, भाजपा सरकार ने बीते 11 वर्षों में अंबेडकर जी से जुड़े पांचों प्रमुख स्थलों—जन्मस्थली महू, दीक्षाभूमि और निर्वाण स्थल सहित अन्य स्थानों को ऐतिहासिक पहचान दिलाई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश में बाबा साहब के नाम पर 500 करोड़ रुपये की विशेष योजना जल्द शुरू होने जा रही है।
कश्यप ने बताया कि चंडीगढ़ में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय मंथन कार्यक्रम शुरू हो रहा है, जिसमें देशभर के मंत्री और अधिकारी भाग लेंगे और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।
हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान कश्यप समाज के लोगों ने मंत्री नरेंद्र कश्यप का पगड़ी और शॉल पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर
हरियाणा राज्यसभा कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन आजाद सिंह ने बुक प्रदान कर स्वागत किया। पानीपत ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन रामेश्वर दयाल कल्याण, ऑल इंडिया कश्यप राजपूत पंजाबी वेलफेयर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप भारद्वाज कश्यप, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम कश्यप ,करनाल कश्यप धर्मशाला के प्रधान मनजीत कश्यप, सुरेश कश्यप ,मनपाल कश्यप पूर्व सरपंच रणवीर सिंह कश्यप, गौरव, सरपंच रामलाल कश्यप, दिलबाग सिंह कश्यप ,एडवोकेट राजपाल कश्यप, एडवोकेट नवीन कश्यप, समाजसेवी सुशील कश्यप एडवोकेट सतीश राणा, विजय कश्यप, एडवोकेट राजेंद्र शर्मा, दयाल सिंह कश्यप पहलवान, पवन कश्यप, सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




