पर्यावरण संरक्षण,सतत कृषि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का दिया संदेश
कानपुर नगर, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉ संजीव गुप्ता ने पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण,सतत कृषि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। डॉ गुप्ता ने बताया कि पृथ्वी दिवस 2026 की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” है। यह विषय अक्षय ऊर्जा की ओर बढ़ने और टिकाऊ भविष्य के लिए सामुदायिक भागीदारी पर केंद्रित है।
उन्होंने मिट्टी के स्वास्थ्य को मानव स्वास्थ्य से जोड़कर मिट्टी को बचाने का आह्वान किया।
प्लास्टिक से मुक्ति: कृषि विश्वविद्यालय में “प्लेनेट बनाम प्लास्टिक” थीम के तहत एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने का संदेश दिया गया। कुलपति ने जागरूकता पहल के माध्यम से ग्रामीण आजीविका के साथ-साथ हरित विकास पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया साथ ही कृषि वैज्ञानिकों और छात्रों से पानी की खपत कम करने, जल संचयन करने और कार्बन फुटप्रिंट को घटाने के लिए अभिनव कृषि पद्धतियां (जैसे- ड्रोन तकनीक, हाइड्रोपोनिक्स) अपनाने का आग्रह किया गया। कुलपति ने कहा कि पृथ्वी का संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुलपति ने अपने संदेश में कहा “एक ही ग्रह है, एक ही पृथ्वी है: इसकी देखभाल करें और इसे आपस में बांटें।” यह नारा पर्यावरण के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी को दर्शाता है।
हरिओम की रिपोर्ट




