*उन्नाव में कांग्रेस का प्रदर्शन रोका गया, असम CM के बयान पर पुतला दहन का प्रयास, पुलिस ने छीना पुतला*
उन्नाव। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान के विरोध में प्रदर्शन का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीन लिया और उन्हें प्रदर्शन करने से रोक दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक तथा अनर्गल बयान दिए हैं। इसी के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में जिला स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाने थे। कुशवाहा ने बताया कि उन्नाव में भी कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर पुतला दहन करने के लिए निकले थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें कार्यालय के गेट पर ही रोक लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया और उन्हें कार्यालय के भीतर ही रहने को कहा, जिससे वे विरोध प्रदर्शन नहीं कर सके। कुशवाहा ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “तानाशाही” जैसी स्थिति है, जहां विपक्ष को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सुबह से ही कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, जिससे कार्यकर्ताओं को एकत्र होने में दिक्कतें आईं। इसके बावजूद कई कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें बाहर निकलकर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




