*सचेंडी गैंगरेप कांड में बड़ी कार्रवाई, 500 पेज की चार्जशीट दाखिल*
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के खिलाफ विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस द्वारा दाखिल की गई यह चार्जशीट करीब 500 पेज की बताई जा रही है, जिसमें मामले से जुड़े अहम साक्ष्य और गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म के आरोपी शिवबरन यादव के खिलाफ दाखिल चार्जशीट में 20 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), पीड़िता के विस्तृत बयान और अन्य तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी शामिल किया गया है, जिससे केस को मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है।
वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्या अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वह पिछले करीब तीन महीने से फरार चल रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस ने फरार आरोपी के गोरखपुर स्थित आवास पर धारा 82 के तहत नोटिस भी चस्पा कर दिया है, जिसमें उसे 30 अप्रैल तक न्यायालय में सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है। अगर निर्धारित समय सीमा तक आरोपी सरेंडर नहीं करता है, तो उसके खिलाफ धारा 83 के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले की सुनवाई तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।




