एक हफ्ते में ही गिरे बिजली के पोल, गुणवत्ता पर उठे सवाल :ट्रांस गंगा सिटी में बारिश के बाद गिरे नए पोल, निर्माण कार्य पर लापरवाही के आरोप
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित ट्रांस गंगा सिटी में महज एक सप्ताह पहले लगाए गए बिजली के पोल बारिश के बाद गिर गए, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सेक्टर-3 और सेक्टर-4 में लगे कई पोल अचानक गिरने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में लगाए गए ये पोल पहली ही बारिश में धराशायी हो गए, जो कार्य में लापरवाही को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी द्वारा निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि पोल लगाने में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसमें पुरानी सरिया और सही तरीके से सीमेंट का प्रयोग नहीं किया गया।
लोगों ने बताया कि यह कार्य ORS ग्रुप की कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें गुणवत्ता को नजरअंदाज किया गया।
स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता




