*कानपुर विश्वविद्यालय में छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, तीन छात्र घिरे*
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां क्लासरूम के भीतर एक छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। इस मामले में तीन छात्रों को नामजद किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए आंतरिक समिति गठित कर दी है, जिसे सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़ित छात्रा के अनुसार, घटना 16 मार्च की है। आरोप है कि तीनों छात्रों ने उसे क्लासरूम में खाने के बहाने बुलाया। कमरे में अन्य छात्रों के न होने का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर अन्य छात्र मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्रा काफी समय तक डरी-सहमी रही और अवसाद में चली गई। उसने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसे धमकाते रहे, जिससे वह मानसिक दबाव में रही। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों के साथ छात्रा ने विश्वविद्यालय के कुलपति और रजिस्ट्रार से मिलकर लिखित शिकायत दी।
मामले में छात्रा ने कल्याणपुर थाना में भी तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस स्तर पर भी जांच शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, शिकायत मिलते ही प्राथमिक पूछताछ की गई है और मामले को आंतरिक समिति को सौंप दिया गया है। प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि समिति को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है, साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।
यह घटना विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।




