*आरटीओ की सख्ती: बिना फिटनेस स्कूली बसों पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर, उत्तर प्रदेश
कानपुर मंडल में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर बिना फिटनेस वाली स्कूली बसों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। अब ऐसी बसों का संचालन पूरी तरह बंद किया जाएगा।
आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फिटनेस समाप्त स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। हाल ही में आगरा और अलीगढ़ में हुई बस दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
निर्देशानुसार 12 मार्च 2026 से एक सप्ताह के भीतर बिना फिटनेस वाली सभी स्कूली बसों को सड़कों से हटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी क्रम में एआरटीओ फर्स्ट विंध्याचल गुप्ता द्वारा प्रभात पब्लिक स्कूल, बिठूर, वेंडी हाई स्कूल, नारामऊ तथा सेंट जेवियर स्कूल, नारामऊ में बसों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बसों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस सिस्टम, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां स्कूल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए।
आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि अब स्कूली बसों की फिटनेस को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला प्रशासन भी सख्ती से निगरानी करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें और बसों की स्थिति की स्वयं जांच करें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




