*उन्नाव में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कचहरी परिसर के पास मिला शव*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। फैक्ट्री में मजदूरी का था काम उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में कचहरी परिसर के पास एक 45 वर्षीय मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। बता दे कि मृतक की पहचान उन्नाव के मोती नगर निवासी विनोद पाल (45) पुत्र महावीर पाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विनोद दही चौकी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। वह रोजाना की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतक के बड़े भाई संतोष पाल ने बताया कि उन्हें पुलिस और स्थानीय सभासद से जानकारी मिली कि उनके छोटे भाई का शव कचहरी गेट नंबर-3 के पास मिला है। विनोद पाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसे संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




