ग्रीनपार्क का नया अवतार: 350 करोड़ से बदलेगी सूरत, पिलर-लेस होगा स्टेडियम
डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी
कानपुर के ऐतिहासिक Green Park Stadium की सूरत अब पूरी तरह बदलने जा रही है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए पिलर-लेस (बिना खंभों वाला) बनाया जाएगा, जिससे हर सीट से दर्शकों को मैदान का स्पष्ट दृश्य मिल सकेगा।
जीर्णोद्धार के बाद लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन में आ रही समस्याएं भी खत्म होने की उम्मीद है। परियोजना के लिए शासन ने पहले चरण के निर्माण कार्य हेतु 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंजूर कर दी है, जो अप्रैल में जारी होने की संभावना है।
योजना के तहत स्टेडियम का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा और कार्य पूरा होने के बाद इसकी दर्शक क्षमता बढ़कर लगभग 35,041 हो जाएगी।
पहले चरण में होंगे ये बड़े बदलाव
मंडलायुक्त के अनुसार पहले चरण में कई महत्वपूर्ण ढांचागत कार्य किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
नया मीडिया सेंटर
प्लेयर पवेलियन का पुनर्निर्माण
दर्शक दीर्घाओं का नवीनीकरण
फ्लड लाइट सिस्टम का आधुनिकीकरण
इन कार्यों के लिए मार्च के अंतिम सप्ताह तक आवश्यक बैठकें पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी है। निर्माण कार्य मई-जून के बीच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
स्टेडियम के पुनर्निर्माण की प्रगति पर खेल विभाग, शासन और मुख्यमंत्री स्तर तक लगातार नजर रखी जा रही है।
पिलर-लेस होगा पूरा स्टेडियम
मौजूदा समय में वीआईपी और डायरेक्ट्रेक्ट पवेलियन में लगे पिलरों के कारण कई दर्शकों को मैच देखने में दिक्कत होती है। नई डिजाइन में पूरे स्टेडियम को पिलर-लेस बनाया जाएगा।
इससे:
किसी भी सीट से मैदान का स्पष्ट दृश्य मिलेगा
स्टेडियम का डिजाइन एक समान और आधुनिक होगा
दर्शक दीर्घाओं के नीचे फूड प्लाजा बनाए जाएंगे
वीआईपी पार्किंग की भी व्यवस्था होगी
तीन चरणों में बदलेगी दर्शक क्षमता
फिलहाल ग्रीनपार्क स्टेडियम की क्षमता करीब 32 हजार है। निर्माण के दौरान क्षमता में अस्थायी बदलाव होगा।
पहला चरण
कुछ पुरानी दीर्घाएं हटेंगी
करीब 1500 सीटें कम
क्षमता घटकर लगभग 30,500
दूसरा चरण
और दीर्घाएं हटेंगी
करीब 12,500 सीटें कम
क्षमता घटकर 18,000
इसके बाद 15,280 नई सीटें जोड़कर क्षमता 33,280
तीसरा और अंतिम चरण
18 हजार सीटों को हटाकर नया निर्माण
क्षमता अस्थायी रूप से 15,280
फिर 19,761 नई सीटें जोड़कर कुल क्षमता 35,041
आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी बनेगा
परियोजना के तहत स्टेडियम में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा, जिससे बारिश के बाद मैदान जल्दी खेलने योग्य हो सके।
पूरे प्रोजेक्ट को करीब 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।




