#गणतंत्र_दिवस
77वें गणतंत्र दिवस पर सेन्ट्रल जोन कार्यालय में हुआ भव्य ध्वजारोहण, DCP सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने दिलाई संविधान की शपथ

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर।देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सेन्ट्रल जोन कार्यालय, स्वरूपनगर में गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण के बीच ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर सहभागिता की।
राष्ट्रगान के पश्चात पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने कानून के शासन को मजबूत करने, जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता एवं समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान ही लोकतंत्र की आत्मा है और पुलिस बल का प्रथम कर्तव्य है कि वह संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास बनाए रखे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने आचरण का आधार बनाने का आह्वान किया।
समारोह के उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं। पूरा कार्यक्रम गरिमामय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
“राष्ट्र सेवा, कर्तव्य और अनुशासन का संकल्प”
UP Police 🇮🇳




