**बंद फ्लैट में लगी भीषण आग; लखनऊ गई थी किरायेदार छात्रा
शॉर्ट सर्किट से जली पूरी गृहस्थी, दमकल ने पाया काबू**
*डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी*
कानपुर।पनकी थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर स्थित रामगंगा इंक्लेव अपार्टमेंट में शनिवार को एक बंद फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में फ्लैट में रह रही प्रतियोगी परीक्षा की छात्रा की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि छात्रा घटना के समय लखनऊ में थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार रामगंगा इंक्लेव अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित यह फ्लैट लखनऊ निवासी मनीष का है, जिसमें चौबेपुर की रहने वाली रोशनी किरायेदार के रूप में अकेले रहती हैं। रोशनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं और गुरुवार को आवश्यक कार्य से लखनऊ गई थीं।
शनिवार को फ्लैट से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों और अपार्टमेंट के गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस, फायर ब्रिगेड और किरायेदार को दी।
सूचना मिलते ही पनकी फायर स्टेशन से पहुंची दो दमकल यूनिटों ने फ्लैट का ताला तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फ्लैट में रखा घरेलू सामान, कपड़े, किताबें और अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थीं।
पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और फ्लैट में रहने वाली महिला को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




