*उन्नाव में बोलेरो-बस भिड़ंत, चालक की मौत, सात लोग घायल, दो जिला अस्पताल रेफर, बोलेरो के उड़े परखच्चे*
एंकर – ख़बर उन्नाव से है जहां फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई। काली मिट्टी चौराहे पर राठ डिपो की रोडवेज बस और एक बोलेरो गाड़ी में भीषण टक्कर हो गई, जिसमें सात लोग घायल भी हुए। मृतक चालक की पहचान पंचमखेड़ा, थाना बेहटामुजावर निवासी अरुण कुमार (25) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार छह यात्री और बस चालक भी इस हादसे में घायल हो गए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बता दे कि हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेम चंद्र और प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर चौरासी ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर चौरासी पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बोलेरो में सवार दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक अरुण कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात जल्द ही सुचारू कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रेम चंद्र ने बताया कि शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित है और दुर्घटना स्थल पर कोई तनावपूर्ण स्थिति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घायल यात्रियों के उपचार की हर संभव व्यवस्था की गई है।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




