*पत्नी को बंधक बनाकर तमंचा, गर्म चॉकलेट से दी यातना*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। दहेज में कार न देने पर ससुराल वालों ने बहू के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने पति समेत 4 ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज कराया है।पीड़िता की शादी इसी वर्ष फतेहपुर के युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी में 15 लाख रुपये दहेज देने के बाद भी ससुराल वाले कार की मांग कर रहे थे।पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसे कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से मारा-पीटा। आरोप है कि उसे बेड पर बांधकर तमंचे की नाल और गर्म चॉकलेट से प्रताड़ित किया गया। गर्भवती होने पर जबरन दवा देकर गर्भपात भी कराया गया। पीड़िता ने देवर पर गलत नीयत से संबंध बनाने के प्रयास और ससुराल वालों पर हेवेटाइटिस बी पॉजिटिव बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लखनऊ ले गए, जहां इलाज चला।अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति, ससुर, सास और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, क्रूरता व गर्भपात कराने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




