*बैजूपुरवा प्राथमिक विद्यालय मर्ज के बाद भी बदहाल* *गंदगी, टूटा शौचालय और बड़ी – बड़ी घास के बीच सांप-बिच्छू निकलने का डर*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात। अकबरपुर व्लाक के तिगाई संकुल में स्थित प्राथमिक विद्यालय बैजूपुरवा को नजदीकी प्राइवेट स्कूल में मर्ज तो कर दिया गया, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है। मर्जर के बाद भी स्कूल में न सफाई है, न सुरक्षा और न ही बुनियादी सुविधाएं दिखाई देती है। स्कूल परिसर में कदम रखते ही चारों तरफ कचरा और गंदगी नजर आती है। सालो से बन्द पड़े विद्यालय में बैजू पुरवा विद्यालय की प्राध्यापिका विजय लक्ष्मी ने बिना सफाई कराये ही विद्यालय को संचालित करने का कार्य कर दिया।सबसे बड़ी दिक्कत शौचालय को लेकर है। स्कूल में बच्चों के लिए बाथरूम की कोई व्यवस्था नहीं है। एकमात्र लैटिन भी जर्जर हालत में है और उसका दरवाजा टूटा पड़ा है। ऐसे में बच्चियां और छोटी कक्षाओं के बच्चे खुले में जाने को मजबूर हैं।
स्कूल का खेल मैदान और चारों तरफ ऊंची घास उगी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी घास में सांप और बिच्छू अक्सर निकलते हैं। अभिभावकों ने बताया कि बच्चे डर-डर कर क्लास में बैठते हैं। वहीं गंदगी और डर के माहौल की वजह से बच्चों का ध्यान पढ़ाई में नहीं लग पा रहा है। कई अभिभावकों ने तो अपने बच्चों को स्कूल न भेजने का ही मन बना लिया है। उनका कहना है कि जब स्कूल में सुरक्षा ही नहीं है तो शिक्षा कैसी? स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लिया जाए। स्कूल परिसर की तत्काल सफाई कराई जाए ।
छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनवाए जाएं और टूटे लैटिन को ठीक कराया जाए । मैदान की घास कटवाकर परिसर को सुरक्षित किया जाए ।मर्जर के बाद मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की जाए ।ग्रामीणों ने कहा है कि जल्द कार्रवाई होनी चाहिए ।
इस संबंध में बीएसए और संबंधित प्राइवेट स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन पक्ष नहीं मिल सका।




