*खेत में बकरियां चरा रही किशोरी से चार युवकों ने किया दुष्कर्म का प्रयास, किशोरी हुई बेहोश*
नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । राजपुर थाना अंतर्गत एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। खेतों में बकरियां चराने गई एक किशोरी के साथ गांव के ही चार युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि किशोरी रोज की तरह बकरियां चराने खेतों की ओर गई थी। तभी गांव के चार युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ अश्लील हरकत व दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जोर-जबरदस्ती की, जिससे किशोरी बेहोश हो गई । किशोरी के बेहोश होते ही चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शाम तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने गांव वालों के साथ खेतों की तरफ तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद किशोरी खेत में बेहोश अवस्था में पड़ी मिली। परिजन आनन-फानन में उसे उठाकर अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पीड़िता के पिता ने बताया कि 30 अगस्त को भी इन्हीं युवकों ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। उस समय लोक-लाज के कारण बात को टाल दिया गया था, लेकिन आरोपियों के हौसले और बढ़ गए और उन्होंने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
मामले में पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के होश में आने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार दहशत में है।




