*विद्यालय परिसर में चारों ओर भरा पानी*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। नरैनी ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बदौसा के मजरा खटेहटा अंश स्थित प्राथमिक विद्यालय में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। विद्यालय परिसर चारों तरफ से पानी से घिरा है। मुख्य गेट, हैंडपंप और परिसर के आसपास पानी भरा होने के कारण बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है। शिक्षक विद्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन जलभराव के कारण बच्चों की उपस्थिति प्रभावित है।विद्यालय में प्रधानाध्यापक रामराज कुशवाहा, शिक्षामित्र अरविन्द कुमार और सहायक अध्यापक नीतेश ड्यूटी पर मौजूद हैं। ग्रामीण राममूरत, कमलाकांत, संतोष कुमार कुशवाहा, मुकेश सैनी आदि का कहना है कि जलभराव की समस्या हर वर्ष बरसात में सामने आती है। विद्यालय परिसर के कुछ हिस्से में मिट्टी डालकर ऊंचा कराया गया है, लेकिन शौचालय, रसोई और हैंडपंप वाले हिस्से की जमीन नीची होने के कारण पानी जमा हो जाता है। इस बार अधिक बारिश और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हालात और खराब हो गए हैं।संतोष कुशवाहा पत्रकार, संयोजक बदौसा ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति बदौसा, ने कहा कि यह विद्यालय गांव के बच्चों के लिए एकमात्र प्राथमिक विद्यालय है। जलभराव के साथ विद्यालय के एक कमरे की छत भी जर्जर होकर गिरने की स्थिति में है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर छत की मरम्मत, परिसर को ऊंचा कराने और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि समस्या का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि विद्यालय सुरक्षित रहे और बच्चे निर्बाध रूप से पढ़ाई कर सकें।




