IT कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
— संपत्ति का चल रहा था विवाद विवाद ,बहन पर प्रताड़ना का आरोप
कानपुर नगर, चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरम में शुक्रवार सुबह एक 38 वर्षीय आईटी सेक्टर कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल और मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मृतक रवि ने अपनी लखनऊ निवासी बड़ी बहन छवि पर जमीन और जेवरात को लेकर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार मृतक रवि दीक्षित पिछले चार वर्षों से एनटीटी डाटा कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी ज्योति मिश्रा और एक आठ वर्षीय बेटा सामग्र दीक्षित हैं।
पत्नी ज्योति के अनुसार, माता-पिता की मृत्यु के बाद से बहन संपत्ति विवाद को लेकर लगातार दबाव बना रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को भी बहन घर आई थी और रवि को जान से मारने की धमकी दी थी। इस लगातार प्रताड़ना के कारण रवि काफी समय से मानसिक तनाव में थे।
शुक्रवार की सुबह लगभग 6 बजे पत्नी ज्योति ने रवि को कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथाशव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।चकेरी के कार्यवाहक प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




