संविलियन विद्यालय झींझक के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र

राजेश कटियार
कानपुर देहात। संविलियन विद्यालय झींझक के बैनर तले बीआरसी प्रांगण झींझक से एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायिका पूनम शंखवार और डेरापुर के नवागत एसडीएम नीरज गौतम द्वारा शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं नागरिकों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को गंतव्य के लिए रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षक मंजीत सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह (प्रतीक चिन्ह) भेंटकर उनका स्वागत व अभिनंदन किया। बीआरसी प्रांगण से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा झींझक नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में झींझक क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर और भारत माता के जयकारों के साथ भाग लिया। देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ नगर के वरिष्ठ नागरिकों और शिक्षकों की भारी उपस्थिति रही। नीरज गौतम (नवागत एसडीएम डेरापुर), जितेंद्र द्विवेदी (तहसीलदार डेरापुर), शैलेश द्विवेदी (खंड शिक्षा अधिकारी झींझक), एआरपी अरविंद सिंह चौहान, दीवान सिंह चौहान, आदित्य गौतम, रामसजीवन शुक्ला, कीर्ति त्रिपाठी, शिवांगी गौतम, राजाबाबू, शशांक सेंगर और विजय माथुर सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक, अनुदेशक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




