*गोकुल बाबा मंदिर में युवक को सांप ने डसा, उन्नाव में सांप को झोले में लेकर अस्पताल पहुंचा घायल, दर्शन करने गया था*
उन्नाव। प्रसिद्ध गोकुल बाबा मंदिर में रविवार सुबह दर्शन के दौरान एक युवक को सांप ने डस लिया। घटना के बाद घायल युवक सांप को एक झोले में लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, जिससे अस्पताल में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बता दे कि जानकारी के अनुसार, मगरवारा क्षेत्र निवासी एसपी सिंह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे गोकुल बाबा मंदिर में दर्शन करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर परिसर में कुछ बच्चे सांप लेकर बैठे थे। इसी दौरान एसपी सिंह ने उत्सुकतावश सांप को छूने का प्रयास किया, तभी सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद परिजन और स्थानीय लोग एसपी सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर यह खास बात रही कि युवक सांप को एक झोले में बंद कर अपने साथ लाया था। इसका उद्देश्य डॉक्टरों को सांप की पहचान कराने में मदद करना था, ताकि सही उपचार मिल सके। अस्पताल में झोले में सांप होने की सूचना से मरीजों और तीमारदारों में थोड़ी देर के लिए चिंता फैल गई। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने तत्काल युवक का उपचार शुरू किया और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक जांचें कीं और दवाएं दीं। फिलहाल, युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस इस संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्र कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मंदिर परिसर में बच्चे सांप लेकर क्यों बैठे थे और क्या उनके पास इसके लिए कोई वैध अनुमति थी। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे है।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




