*मानसून की पहली बारिश में गंगा पुल हुआ जलमग्न: बारिश में डूबा गंगा पुल, जलभराव ने खोली तैयारियों की पोल।*
उन्नाव। मानसून की पहली बारिश ने ही सरकारी तैयारियों की पोल खोल दी। शुक्लागंज और कानपुर को जोड़ने वाले नवीन गंगा पुल पर भारी जलभराव हो गया, जिससे पुल तालाब जैसा नजर आया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद पुल पर इतना पानी भर गया कि ऐसा लगा मानो गंगा का पानी पुल के ऊपर बह रहा हो। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल पर पानी निकासी के लिए बनाई गई नालियां पूरी तरह चोक हैं, जिससे बारिश का पानी नहीं निकल सका। पहली ही बारिश में सामने आई इस स्थिति ने संबंधित विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला गंगाघाट क्षेत्र के शुक्लागंज-कानपुर नवीन गंगा पुल का है, जहां जलभराव की तस्वीरें अब चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* संवाददाता




