*उन्नाव सफीपुर हैंडपंप और वाटर कूलर क्षतिग्रस्त करने का आरोप, नगर पंचायत ने दर्ज कराई शिकायत*
उन्नाव। सफीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत प्रशासन ने कोतवाली सफीपुर में शिकायत देकर कुछ लोगों पर इंडिया मार्का हैंडपंप और वाटर कूलर को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, मोहल्ला जुगियाना में स्थापित इंडिया मार्का हैंडपंप और वाटर कूलर को शनिवार सुबह कुछ लोगों ने नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि हैंडपंप के बोर में ईंटें डाल दी गईं, जिससे वह खराब हो गया। वहीं वाटर कूलर की जाली और अन्य हिस्सों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही गई है, जिसे जांच के लिए साक्ष्य के रूप में लिया गया है। शिकायत में समशाद, बब्लू, समीर, मुकर्रम अली, निसार, मोहम्मद आजम, शाहिद, सरफराज और मारूफ समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है। नगर पंचायत ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए व्यवस्था को जल्द बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




